window.dataLayer = window.dataLayer || []; function gtag(){dataLayer.push(arguments);} gtag('js', new Date()); gtag('config', 'UA-96526631-1'); सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल में 9वें अखिल भारतीय अंतर-विद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन | T-Bharat
May 10, 2026

TEHRIRE BHARAT

Her khabar sach ke sath

सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल में 9वें अखिल भारतीय अंतर-विद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन

देहरादून,। सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल, देहरादून में 5 से 10 मई 2026 तक आयोजित 9वें अखिल भारतीय अंतर-विद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन समारोह बड़े उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ। छह दिनों तक चले इस रोमांचक टूर्नामेंट में देशभर के 7 प्रतिष्ठित विद्यालयों ने भाग लिया। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, लखनऊ और द एशियन स्कूल, देहरादून के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। द एशियन स्कूल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 100 रन बनाए। जवाब में सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, रोमांचक अंदाज में मात्र 1 विकेट से जीत हासिल कर चैम्पियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। द एशियन स्कूल उपविजेता रही।
इस टूर्नामेंट में कुल 12 मैच, 24 पारियाँ खेली गईं जिनमें 2,310 रन बने। इसके अलावा 1 शतक, 170 विकेट, 44 छक्के, 194 चैके, 39 कैच और 10 स्टम्पिंग हुईं, जो इस टूर्नामेंट के उच्च स्तर को दर्शाते हैं। टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, लखनऊ के हर्षित पांडे को मिला, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 14 विकेट लिए। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार द एशियन स्कूल के एरिक रावत को दिया गया, जिन्होंने पाँच पारियों में 209 रन बनाए और एक शतक भी जड़ा। सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर का पुरस्कार भी द एशियन स्कूल के वर्णित सिंह को प्राप्त हुआ। सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर का खिताब सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल के अविराज सिंह को मिला, जिन्होंने तीन मैचों में 141 रन बनाए और 5 विकेट भी लिए। उभरते खिलाड़ी का पुरस्कार हर्षित पांडे (सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, लखनऊ) को और फेयर प्ले अवार्ड जीआरडी वर्ल्ड स्कूल, भाऊवाला को दिया गया। फाइनल के मैन ऑफ द मैच हर्षित पांडे (सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, लखनऊ) रहे। सेमीफाइनल-1 में सिद्धांत वोहरा (द एशियन स्कूल) और सेमीफाइनल-2 में अनंत अवस्थी (सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, लखनऊ) को मैन ऑफ द मैच चुना गया। समारोह के मुख्य अतिथि पीयूष वैष्णव, प्रधानाचार्य, इंडियन पब्लिक स्कूल, देहरादून ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का खेल नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, टीमवर्क और चरित्र निर्माण की पाठशाला है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल के हेडमास्टर डॉ. दिलीप कुमार पांडा ने अपने संबोधन में कहा कि इस टूर्नामेंट ने न केवल युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान किया, बल्कि सभी विद्यालयों के बीच भाईचारे और खेल भावना को भी प्रगाढ़ किया। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यालयों, प्रशिक्षकों, अम्पायरों और आयोजकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया और कहा कि सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल सदैव ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
विद्यालय के खेल प्रभारी कंवलजीत सिंह धालीवाल ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस वर्ष के टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने जिस जज्बे और खेल भावना का प्रदर्शन किया, वह सराहनीय है। उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं। उन्होंने सभी टीमों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हार-जीत तो खेल का हिस्सा है, असली विजेता वह है जो मैदान पर पूरे मनोयोग से खेलता है। इस टूर्नामेंट में सेंट पॉल्स स्कूल दार्जिलिंग, सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (लखनऊ), जीआरडी वर्ल्ड स्कूल, कसिगा स्कूल, इंडियन पब्लिक स्कूल, द एशियन स्कूल और मेजबान सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल, देहरादून ने हिस्सा लिया।

news
Share
Share