window.dataLayer = window.dataLayer || []; function gtag(){dataLayer.push(arguments);} gtag('js', new Date()); gtag('config', 'UA-96526631-1'); काशीपुर में बिना अनुमति जुलूस के दौरान उपद्रव, पुलिस पर हमला, सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त | T-Bharat
March 23, 2026

TEHRIRE BHARAT

Her khabar sach ke sath

काशीपुर में बिना अनुमति जुलूस के दौरान उपद्रव, पुलिस पर हमला, सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त

काशीपुर,। कोतवाली काशीपुर के चौकी बाँसफोड़ान क्षेत्र में अल्लीखाँ चौक पर नदीम अख्तर ने अपने लगभग 400-500 साथियों के साथ मिलकर सभा आयोजित की। सभा समाप्त होने के बाद भीड़ ने अचानक नारे लगाते हुए बैनर और पोस्टरों के साथ जुलूस निकालना शुरू किया, जो वाल्मीकि बस्ती की तरफ से शहर की ओर बढ़ा। पुलिस टीम ने मौके पर पहुँच कर जुलूस को बिना अनुमति नहीं निकालने और तितर-बितर होने का निर्देश दिया। इसके बावजूद भीड़ ने पुलिस के आदेशों की अवहेलना की और सीधे पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। उपद्रवियों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया तथा सरकारी वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना के गंभीर स्वरूप को देखते हुए पुलिस टीम के व0उ0नि0 अनिल जोशी द्वारा जुलूस के लीडर नदीम अख्तर सहित लगभग 400 उपद्रवियों के खिलाफ कोतवाली काशीपुर में मामला पंजीकृत किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर मणिकांत मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल वीडियो की जांच करने के साथ-साथ उपद्रवियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। इन निर्देशों के अनुपालन में पुलिस अधीक्षक काशीपुर और पुलिस उपाधीक्षक काशीपुर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। मुख्य मास्टरमाइंड नदीम अख्तर को गिरफ्तार किया गया है। अब तक कुल 07 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा 10 अन्य लोगों को पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में लिया गया है, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मौ. अशद पुत्र शहादत हुसैन, निवासी मझरा गली नं. 5, थाना काशीपुर, उम्र 18 वर्ष, कामरान पुत्र मौ. उवैध, निवासी लक्ष्मीपुर पट्टी मझरा, थाना काशीपुर, उम्र 19 वर्ष, मोईन रजा पुत्र निजामुद्दीन, निवासी मौ. मझरा वार्ड नं. 26, थाना काशीपुर, उम्र 26 वर्ष, दानिश अली पुत्र मौ. नबी, निवासी बाँसफोड़ान, थाना काशीपुर, उम्र 28 वर्ष, नदीम अख्तर पुत्र अब्दुल सत्तार निवासी राजा कॉलोनी निकट मंडी थाना कुंडा उम्र 47 ( व अन्य दो ) शामिल हैं। साथ ही प्रशासनिक अधिकारी, नगर निगम और बिजली विभाग ने उक्त क्षेत्र में अवैध कृत्यों पर त्वरित कार्यवाही शुरू की है। उपरोक्त क्षेत्र में धारा 163 बीएनएसएस लागू करने हेतु पत्राचार किया गया। शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था को किसी भी स्थिति में बाधित नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस पर हमला करने वाले और सार्वजनिक शांति बिगाड़ने वाले उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे शांति बनाए रखें, अफवाहों से दूर रहें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

news
Share
Share