रुद्रप्रयाग,। जनसुरक्षा एवं व्यापक जनहित में अस्थायी रूप से स्थगित की गई श्री मद्महेश्वर धाम यात्रा बुधवार से पुनः शुरू हो गई। यात्रा के पुनः संचालन को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित विभागों को यात्रियों की सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
यात्रा मार्ग की स्थलीय स्थिति एवं संबंधित विभागों से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर यात्रा पुनः शुरू करने का निर्णय लिया गया है। उप जिलाधिकारी ऊखीमठ ने पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ, तहसीलदार ऊखीमठ तथा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी रुद्रप्रयाग से प्राप्त अभिमत के आधार पर यात्रा संचालन के लिए जिलाधिकारी को प्रस्ताव भेजा था। रिपोर्ट एवं स्थलीय स्थिति का परीक्षण करने के बाद प्रशासन ने यात्रा पुनः शुरू करने का निर्णय लिया।
यात्रा के दौरान ट्रॉली स्थल पर भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। महिला एवं बुजुर्ग यात्रियों की सहायता के साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रा मार्ग पर दुर्घटना अथवा आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ, डीडीआरएफ समेत अन्य खोज एवं बचाव दलों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। संबंधित विभागों को मार्ग, पुल-पुलिया, ट्रॉली स्थल, सुरक्षा उपकरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का नियमित परीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों की आवाजाही सुरक्षित ढंग से संचालित हो सके।
यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रॉली संचालन का समय भी निर्धारित किया गया है। ट्रॉली का संचालन सुबह 6.30 से 9.00 बजे तक, 10.30 बजे से दोपहर 1.00 बजे तक तथा दोपहर 2.30 बजे से शाम 6.00 बजे तक किया जाएगा। निर्धारित अंतराल में विश्राम एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए हॉल्ट रहेगा। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा के दौरान मार्ग की स्थिति, यातायात व्यवस्था, यात्रियों की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। यात्रा पुनः शुरू होने से श्रद्धालुओं को मद्महेश्वर धाम के दर्शन के लिए आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित सुरक्षा निर्देशों एवं संबंधित विभागों की एडवाइजरी का पालन करते हुए यात्रा करें तथा मौसम और मार्ग की स्थिति को ध्यान में रखते हुए पूरी सावधानी बरतें।
मद्महेश्वर धाम यात्रा आज से फिर शुरू, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट

More Stories
रिवर्स पलायन के लिए विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंः मुख्यमंत्री
बास्केटबॉल टूर्नामेंट में द पेसल वीड स्कूल पाँच मुकाबले जीतकर चैंपियन बना
आयुक्त गढ़वाल ने सहसपुर में विशेष शिविरों का निरीक्षण कर एसआईआर कार्य की प्रगति जानी